साहित्य ग्राम

वर्षों से हिन्दी साहित्य आकाश में शुचिता और गुणवत्तायुक्त पाठ्य सामग्री पाठकों की पहुँच तक आने में संघर्ष के कई पायदान तय कर रही है, हिन्दी का पाठक उच्चस्तरीय गुणवत्ता युक्त पाठक सामग्री की खोज करता है किन्तु उसे यह सामग्री कम ही उपलब्ध हो पा रही है। ऐसे समय में शोधात्मक और सरल भाषा में साहित्यिक सामग्री, समाचार और कविताएँ पाठकों की पहुँच तक लाने के लिए मातृभाषा उन्नयन संस्थान द्वारा एक मासिक समाचार पत्र ‘साहित्य ग्राम’ का प्रकाशन 1 अप्रैल 2021 आरम्भ किया गया। इसके संस्थापक एवं संपादक डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’ एवं सह संपादक भावना शर्मा है। इस समाचार पत्र का उद्देश्य विशुद्ध हिन्दी साहित्य सेवा है, इस अख़बार के माध्यम से जनउपयोगी आलेख, कविताएँ, साक्षात्कार, स्तम्भ आदि के साथ-साथ हिन्दी व्याकरण सम्मत जानकारी आदि भी प्रसारित की जा रही है। साहित्य ग्राम अपने समय में हिन्दी प्रचार के अपने वृहद उद्देश्य को स्थापित करने और हिन्दी के रचनाकारों को सशक्त मंच उपलब्ध करवाकर गुणवत्ता युक्त पाठ्य सामग्री प्रकाशित करने के लिए प्रतिबद्ध है। साहित्य ग्राम प्रतिमाह 5000 से अधिक पाठकों के हाथों में पहुंचता है और डिजिटल रूप में हज़ारों लोगों तक आसानी से पहुँच रहा है।

इंदौर और नई दिल्ली से एकसाथ प्रकाशित होने वाले इस साहित्यिक समाचार पत्र की लोकप्रियता साहित्य जगत में कम समय में अधिक हो रही है। इसी के साथ प्रतिवर्ष साहित्यग्राम के द्वारा सुधि साहित्यिक लेखकों को ‘साहित्य सारथी सम्मान’ से सम्मानित किया जाता हैं। देश भर के सैकड़ों लोगों की रचनाएँ प्रकाशित हो रही है और अब तो दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, तेलंगाना, उत्तरप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ से भी पाठक परिवार समृद्ध हैं। कुल मिलाकर साहित्य ग्राम एक ऐसा साहित्यिक अख़बार बन रहा है जो परिवार की मानसिक क्षुधा की आपूर्ति के लिए पर्याप्त है।

Email- sahityagrampatrika@gmail.com

Web- www.esahityagram.com

Scroll to Top